Date:

दिल्ली के रोहिणी में मेयर प्रवेश वाही ने एरोबिन और स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया, आवासीय सोसायटियों से ऑन-साइट कंपोस्टिंग अपनाने की अपील

नई दिल्ली, 2 अगस्त: दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने रविवार को रोहिणी सेक्टर-15 स्थित श्री अपार्टमेंट हाउसिंग सोसायटी में एरोबिन का उद्घाटन किया और कहा कि यह तकनीक स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण और निस्तारण को बढ़ावा देने के साथ-साथ लैंडफिल स्थलों पर जाने वाले कचरे की मात्रा कम करने में सहायक होगी।

मेयर ने बताया कि एरोबिन बायो-कल्चर तकनीक के माध्यम से एक चक्र में 10 किलोग्राम गीले कचरे को खाद में बदल सकता है तथा लगभग 40 दिनों में बिना किसी दुर्गंध के कंपोस्ट तैयार करता है।

उन्होंने आवासीय सोसायटियों से अपने परिसरों में एरोबिन स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्रोत स्तर पर वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, पृथक्करण और निस्तारण को मजबूती मिलेगी।

प्रवेश वाही ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे सामुदायिक प्रयासों से लैंडफिल स्थलों तक पहुंचने वाले कचरे की मात्रा कम की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अपने स्वच्छता बेड़े में कई आधुनिक मशीनों को शामिल किया है।

मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ के विजन को साकार करने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और राजधानी को स्वच्छ एवं हरित बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मेयर ने एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Share post:

Popular

More like this
Related