नई दिल्ली: गिरधर लाल अस्पताल में नई चिकित्सा मशीनें उपलब्ध कराने, डायलिसिस सुविधा शुरू करने और जन औषधि स्टोर खोलने की योजना है। दिल्ली की उप-महापौर मोनिका पंत ने अस्पताल की सेवाओं और बुनियादी ढाँचे के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी।
पंत ने बताया कि अस्पताल के सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि से आधारभूत सुविधाओं में सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अधिक सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता तथा चिकित्सा और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की जरूरतों को प्राथमिकता देने और परिसर में साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
पंत ने कहा कि अस्पताल में जल्द आधुनिक तकनीक पर आधारित नई चिकित्सा मशीनें और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मरीजों की जरूरतों के अनुसार अन्य उपकरण भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने अस्पताल में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए जन औषधि स्टोर खोलने की योजना भी बताई। उन्होंने कहा कि उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर मिलना भी जरूरी है।
पंत ने उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल की सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा उपचार के बारे में बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा स्वच्छता, दवाओं की आपूर्ति और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद किरण बाला, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, निदेशक अस्पताल प्रशासन ए एन माथुर, चिकित्सा अधीक्षक सत्य प्रकाश तथा अस्पताल और MCD के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

