नई दिल्ली, 20 जुलाई: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और दिल्ली पुलिस ने ओखला स्थित एनटीए कार्यालय में प्रदर्शनकारियों द्वारा सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रवेश करने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है।
मीडिया स्पष्टीकरण में कहा गया कि एनटीए कार्यालय में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है तथा किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक नहीं हुई है।
स्पष्टीकरण के अनुसार, परीक्षा परिणामों में कथित विसंगतियों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराने पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों में से पांच से सात अभ्यर्थियों को उनके अभिभावकों के साथ व्यवस्थित तरीके से एनटीए अधिकारियों से मिलने की अनुमति दी गई, ताकि वे अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर सकें।
अधिकारियों ने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
एनटीए और दिल्ली पुलिस ने मीडिया तथा आम जनता से अपील की है कि वे अपुष्ट या भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और इस मामले में केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

