नई दिल्ली: शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने हालिया परीक्षा संबंधी मुद्दों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में किए जा रहे सुधारों की समीक्षा की और अधिकारियों को परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ गोपनीय संचालन और सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव युद्धस्तर पर लागू करने के निर्देश दिए।
जोशी ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, NTA के महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर एजेंसी की समग्र परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की।
बैठक में मंत्री को बताया गया कि NTA से 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया गया है। इसके अलावा चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर, चीफ फाइनेंस ऑफिसर, चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, जनरल मैनेजर-टेस्ट सिक्योरिटी और जनरल मैनेजर-रिसर्च एंड डेवलपमेंट एवं साइकोमेट्रिक्स सहित 10 नए पेशेवर नेतृत्व पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं और नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है।
अधिकारियों ने बताया कि साइबर सुरक्षा, साइकोमेट्रिक्स, प्रश्नपत्र डिजाइन और अन्य विशेष क्षेत्रों के लिए निजी क्षेत्र से विषय विशेषज्ञों को भी शामिल किया जा रहा है।
जोशी ने स्थापित परीक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉन्फिडेंशियल ऑपरेशंस (CONOPS) आर्किटेक्चर में पूर्ण बदलाव करते हुए पृथक कमरों, एयर-गैप्ड सिस्टम और डिवाइस जमा करने संबंधी प्रोटोकॉल को युद्धस्तर पर लागू करने को कहा।
NTA को सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का व्यापक ऑडिट करने और की गई सुधारात्मक कार्रवाई का विवरण देते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है।

